![]()
सरगुजा में युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकल झा और उनके साथियों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। विकल झा और उनके साथियों ने 8 अप्रैल की रात शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का पहले ही अनावरण कर दिया था। साथ ही उन्होंने निगम सरकार को गोड़से वादी विचारधारा का बताते हुए सोशल मीडिया में वीडियो शेयर किया था। वहीं, इस प्रतिमा का आधिकारिक अनावरण 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा दौरे के दौरान किया। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। अंबिकापुर नगर निगम ने आकाशवाणी चौक पर वीर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण 9 अप्रैल को करने का फैसला किया था। लेकिन इससे पहले ही 8 अप्रैल की देर रात युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकल झा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और ढकी हुई प्रतिमा का अनावरण कर दिया। विकल झा का कहना है कि पंडित रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा वाले स्थान पर सजावट की गई थी, लेकिन यहां ऐसा नहीं किया गया, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया। निगम प्रशासन ने दर्ज कराई FIR मामले में नगर निगम अंबिकापुर इंजीनियर प्रदीप कुमार पैकरा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि विकल झा और साथियों ने प्रतिमा का लोकार्पण किया, जिससे शासकीय संपत्ति का नुकसान हुआ। पुनः शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को विधिवत कवर किया गया। इंजीनियर ने शिकायत में बताया है कि विकल झा ने जो वीडियो सोशल मीडिया में लोकार्पण करते हुए डाला है, उसमें सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाला भड़काऊ भाषण प्रसारित किया गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने विकल झा और साथियों के खिलाफ धारा 221, 3(5), 324(3), 353(2) के तहत एफआईआर दर्ज किया है।
<
