![]()
अंबिकापुर के कमोदा बिहार रिसॉर्ट में करीब 45 डिसमिल सरकारी जमीन पर किया गया अवैध कब्जा प्रशासन ने हटा दिया है। सोमवार सुबह बुलडोजर लेकर पहुंची प्रशासनिक टीम ने विरोध के बीच कार्रवाई करते हुए बेजा कब्जा कर बनाए गए शेड व बाउंड्री को तोड़ दिया। कमोदा बिहार रिसार्ट से लगी सरकारी जमीन पर रिसार्ट के संचालक ने कब्जा कर शेड व बाउंड्री का निर्माण कराया था, जिसका उपयोग वे कर रहे थे। नापजोख में 45 डिसमिल जमीन पर बेजा कब्जा पाया गया। शनिवार को प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते हुए संचालकों ने दो दिन की मोहलत मांगी थी। हंगामें के बाद टीम लौट गई थी। सुबह 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई, चार घंटे में हटाया कब्जा
प्रशासनिक टीम एवं पुलिस की टीम सोमवार सुबह 5.30 बजे ही कार्रवाई के लिए पहुंची। एसडीएम वन सिंह नेताम ने बताया कि शनिवार को सरकारी जमीन की मार्किंग पूरी कर ली गई थी। संचालकों ने दो दिनों का समय कब्जा हटाने के लिए मांगा था, लेकिन उन्होंने स्वयं कब्जा नहीं हटाया। प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर लगा कमोदा रिसार्ट के संचालकों के द्वारा बनाए गए बड़े शेड को तोड़ दिया। इसके साथ ही एक अन्य व्यक्ति द्वारा कब्जा कर बनाए गए कमरों को भी प्रशासनिक टीम ने तोड़कर कब्जा हटा दिया है। करीब 65 डिसमिल जमीन से अवैध कब्जा हटा दिया गया है। कब्जा हटाने के दौरान संचालकों ने फिर से प्रशासनिक टीम से विवाद की कोशिश की, लेकिन इस बार प्रशासनिक टीम पूरी तैयारी से पहुंची थी और उसने संचालकों की नहीं सुनीं। प्रशासनिक टीम ने करीब चार घंटे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की और मलबों को भी हटाया जा रहा है। सरकारी उपयोग में लाई जाएगी जमीन-एसडीएम
एसडीएम वन सिंह नेताम ने बताया कि उक्त सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला अंबिकापुर तहसीलदार न्यायालय में चला। जांच में अतिक्रमण सही पाया गया। इसके बाद धारा 248 के तहत रिसॉर्ट संचालक को बेदखली का नोटिस जारी किया गया था। साथ ही दो दिन पहले ही उसे कब्जा हटाने के लिए भी नोटिस दिया गया था। शनिवार को मार्किंग की कार्रवाई पूरी नहीं होने के कारण कार्रवाई रोकी गई थी। मार्किंग पूरी हो जाने के बाद आज कार्रवाई पूरी की गई। एसडीएम ने कहा कि सरकारी जमीन पर दुबारा कब्जा न हो, इसके लिए उक्त जमीन को सरकारी उपयोग में लाया जाएगा। यहां आंगनबाड़ी सहित दूसरे सरकारी उपयोग के लिए जमीन को आबंटित की जाएगी। पुनर्वास की जमीन पर रिसार्ट
कमोदा रिसॉर्ट पुनर्वास की जमीन पर बना हुआ है। इसके एक भू-स्वामी दीपक राय ने गलत तरीके से जमीन की रजिस्ट्री कराने की भी शिकायत कलेक्टर सरगुजा से की है। इसकी भी जांच की जा रही है। जांच में रिसार्ट एवं उसका लान सहित अधिकांश हिस्सा रजिस्ट्री की जमीन पर संचालित पाई गई है। शेड एवं वाउंड्री के जिस हिस्से में अतिक्रमण मिला है, उसे हटाया गया है।
<
