![]()
बिलासपुर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें ठग ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर महिला से 70 हजार रुपए की ठगी कर ली। ठग ने उन्हें मीटर बदलने का झांसा दिया और उनके एटीएम के चार अंकों का कोड मांगकर बैंक अकाउंट से पैसे ट्रांसफर कर लिया। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार बजरंग नगर आवासपारा सिरगिट्टी निवासी सरस्वती देवी गृहणी हैं। उनका पंजाब नेशनल बैंक सिरगिट्टी शाखा में खाता है, जिसमें करीब 70 हजार 693 रुपए जमा थे। उन्होंने ने पुलिस को बताया कि 17 मार्च को उनके बेटे के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि विभाग से नया स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के निर्देश हैं, जिसके लिए उन्हें 13 रुपए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करना होगा। महिला को भरोसे में लेकर पूछा एटीएम का कोड ठग ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर भरोसे में लिया, जिसके बाद उनके एटीएम कार्ड के अंतिम चार अंक पूछ लिए। परिवार को लगा कि यह सामान्य प्रक्रिया है, इसलिए जानकारी दे दी गई। इसके बाद ठग ने महिला के बैंक खाते से दो बार में रकम निकाल ली। कुल 69 हजार 998 रुपए खाते से पार कर दिए। पीड़िता को उस समय किसी प्रकार का मैसेज नहीं मिला। बाद में 8 मई को बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर ठगी का खुलासा हुआ। खाते से रकम गायब देख उड़ गए होश स्टेटमेंट में खाते से बड़ी रकम निकाले जाने की जानकारी मिलते ही महिला और उनका परिवार परेशान हो गया। पीड़िता ने तुरंत सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66 डी के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
<
