![]()
रायपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस का कहना है कि उरला इलाके में एक घर से बड़ी मात्रा में बम बनाने का सामान मिला है। वहीं, एक दिन पहले मेकाहारा के पास गैंगवार में घंटों तक सड़क पर चाकू, तलवार और फरसा लहराया गया। इसके अलावा गोली मारकर दो युवतियों की हत्या और पुराने विधानसभा के पास व्यापारी से एक करोड़ की लूट जैसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार दावा कर रही है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था नियंत्रण में है, लेकिन राजधानी समेत पूरे प्रदेश में अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अपराध किस स्तर तक पहुंचेगा, तब सरकार मानेगी कि कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश में रोज लूट, चोरी, डकैती, चाकूबाजी और हत्या की घटनाएं हो रही हैं। रायपुर में हालात ऐसे हो गए हैं कि अपराधी खुलेआम सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर लोगों पर हमला कर रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। कांग्रेस के मुताबिक भाजपा सरकार बनने के बाद राजधानी में औसतन रोज तीन हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। सुशील आनंद शुक्ला ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामूहिक दुष्कर्म और मासूम बच्चियों के साथ दुराचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रोज प्रदेशभर से तीन से चार गंभीर घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे प्रदेश शर्मसार हो रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय खत्म हो चुका है। राह चलते लोगों पर चाकू से हमला किया जा रहा है और सरेआम गोलीबारी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद राजधानी में गोलीबारी की आठ घटनाएं हो चुकी हैं। कांग्रेस ने रायपुर को “चाकूपुर” बताते हुए कहा कि प्रदेश के लगभग हर शहर में हत्या की घटनाएं आम हो गई हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता में कानून व्यवस्था है ही नहीं। अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री और गृहमंत्री दोनों ही प्रदेश की कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
<
