भास्कर न्यूज | दुर्गुकोंदल परिवहन समिति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बैठक हुई। इसमें प्रशासन, खदान प्रबंधन और परिवहन संघों के बीच कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार कुलदीप ठाकुर ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, सहायक खनिज अधिकारी मृदुल गुहा सहित विभिन्न परिवहन संघों के पदाधिकारी एवं पुष्प स्टील एंड माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में खंडीघाट परिवहन समिति, चाहचाड परिवहन संघ दुर्गूकोंदल व भानुप्रतापपुर परिवहन संघ के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान परिवहन दर, सड़क, अनलोडिंग व्यवस्था तथा स्थानीय लोगों को रोजगार देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। परिवहन दर को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति को बैठक में स्पष्ट किया गया। कंपनी प्रबंधन द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों और दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद सभी पक्ष संतुष्ट नजर आए। यह निर्णय लिया गया कि यदि पूर्व में किसी प्रकार की त्रुटि के कारण भाड़े में अंतर पाया जाता है, तो उसके सत्यापन के बाद संबंधित राशि का भुगतान किया जाएगा। खदान मार्ग की स्थिति को सुधारने पर भी सहमति बनी। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि वर्तमान परिस्थितियों में समिति द्वारा मांगा गया कोटा प्रासंगिक नहीं है। हालांकि, प्रभावित गांवों के इच्छुक लोगों को समिति के माध्यम से वाहन लगाने और खनिज परिवहन में भागीदारी का अवसर देने पर प्रबंधन सहमत हुआ, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर खंडीघाट परिवहन समिति चेमल एडगुड के अध्यक्ष रामचंद्र कल्लो, सोमल जैन, रमेश गुप्ता, नीरज द्विवेदी, दीपक जैन, अरुण यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
<
