![]()
ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नमन जग्गी और आयुष अग्रवाल को सट्टा पैनल उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को नागपुर से पकड़ा गया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और माना जा रहा है कि पूछताछ में बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। आरोपी सटोरी का नाम पुलिस द्वारा अंकित अग्रवाल बताया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी का खुलासा रायपुर पुलिस के अधिकारी जल्द करेंगे। तकनीकी सपोर्ट उपलब्ध करता था आरोप पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़ा हुआ था और मुख्य आरोपियों को तकनीकी सपोर्ट व सट्टा पैनल उपलब्ध कराता था। इसी पैनल के जरिए ऑनलाइन बेटिंग और लेन-देन का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पुलिस को आरोपी की तलाश काफी समय से थी। जानकारी के अनुसार, पुलिस को तकनीकी इनपुट और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी के नागपुर में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने वहां दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और रायपुर लाया गया। आरोपी के साथी नमन जग्गी और आयुष शर्मा को पुलिस ने 5 मई को पकड़ा था। सट्टा सिंडिकेट से जुड़े बड़े नामों का होगा खुलासा अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में सट्टा नेटवर्क से जुड़े कई अहम नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नेटवर्क का संचालन किन राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी के मोबाइल, लैपटॉप और बैंकिंग ट्रांजैक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि करोड़ों रुपए का ऑनलाइन लेन-देन अलग-अलग खातों और फर्जी आईडी के जरिए किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में जल्द बड़ा खुलासा किया जाएगा और अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। चार महीने में 78 आरोपी पकड़ाए साल 2026 में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब तक 15 केस में 78 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नगदी रकम 67 लाख कैश, 217 मोबाइल फोन, 20 लैपटॉप, 10 चारपहिया गाड़ी, 4 दोपहिया गाड़ी सहित सभी सामान की कीमत लगभग साढ़े 3 करोड़ रूपये हैं। हैं। 17 अप्रैल को बाबू खेमानी की हुई थी गिरफ्तारी इससे पहले, 17 अप्रैल को रायपुर के इन्फ्लुएंसर और सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को रायपुर पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही 6 और आरोपी भी पकड़े गए हैं। उनके कब्जे से BMW समेत 60 लाख का सामान जब्त हुआ था। जांच में खुलासा हुआ था कि, खेमानी के बहुत फॉलोअर थे, जिसका फायदा उठाकर हाई प्रोफाइल सट्टा खेलने वालों लोगों से संपर्क किया। उसने महादेव ऐप की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ ऑनलाइन वेबसाइट शुरू किया था। जानकारी के मुताबिक, उसके रिश्तेदार इसे ऑपरेट कर रहे थे। खेमानी दबाव बनाकर सट्टे का पैसा वसूलता था। रायपुर पुलिस के दबाव के कारण उसने दूसरे राज्यों में ऑनलाइन सट्टा खिलाना शुरू कर दिया था। पुलिस इसके विदेशी कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
<
