![]()
सक्ती जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के लिए एक विशेष पहल की है। इसके तहत, जिले के चयनित छात्रों को एयरपोर्ट विजिट का अवसर मिलेगा, जहाँ वे फाइटर पायलट और सिविलियन एयरक्राफ्ट को करीब से देख सकेंगे। छात्रों को विमान के कॉकपिट में बैठने का अनुभव भी प्राप्त होगा। यह विशेष भ्रमण कार्यक्रम 17 मई को आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र भाग ले सकते हैं। विद्यार्थियों का चयन सामान्य ज्ञान और एप्टीट्यूड पर आधारित एक घंटे की ऑनलाइन बहुविकल्पीय परीक्षा के माध्यम से होगा। यह परीक्षा 13 मई को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन परीक्षा के लिए छात्रों को इंटरनेट सुविधा वाला मोबाइल साथ लाना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन रजिस्ट्र्रेशन करना होगा इच्छुक विद्यार्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्र्रेशन करना होगा। रजिस्ट्र्रेशन के दौरान छात्र जिले में बनाए गए 8 परीक्षा केंद्रों में से अपनी सुविधा अनुसार केंद्र का चयन कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी चयन प्रक्रिया निःशुल्क है और इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिला प्रशासन अपील ऑनलाइन रजिस्ट्र्रेशन के लिए विद्यार्थी दिए गए लिंक (https://forms.gle/LpLuneAWALY37XKP7) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाने और जानकारी को अधिक से अधिक छात्रों तक पहुँचाने की अपील की है। इसका उद्देश्य युवाओं को नई तकनीक, विमानन क्षेत्र और अपने सपनों के प्रति प्रेरित करना है।
<
