धमतरी में सामुदायिक भवन की जमीन से हटा कब्जा:प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर 5 अवैध अतिक्रमण ध्वस्त किए, आगे भी कार्रवाई की चेतावनी दी

![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को भखारा क्षेत्र के ग्राम मड़ईभाठा में पांच अवैध कब्जों को बुलडोजर चलाकर हटाया गया। यह कार्रवाई राजस्व, पुलिस और पंचायत विभाग की संयुक्त टीम ने शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की। जानकारी के अनुसार, जिस भूमि से कब्जा हटाया गया है, उसे ग्राम पंचायत द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आरक्षित किया गया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने वहां दीवार बनाकर और तार फेंसिंग कर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। संयुक्त अभियान में हटाया गया अतिक्रमण पंचायत की ओर से नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और पूर्व सूचना देने के बाद प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा बनाई गई दीवारों और तार घेरों को बुलडोजर और अन्य संसाधनों की मदद से हटाकर शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर अतिक्रमण हटाया गया और सरकारी जमीन को पुनः पंचायत के कब्जे में सौंप दिया गया। प्रशासन ने दी आगे भी कार्रवाई की चेतावनी नायब तहसीलदार आर.के. सिन्हा ने बताया कि ग्राम मड़ईभाठा में जिस भूमि पर कार्रवाई की गई, वह शासकीय भूमि है और ग्राम पंचायत द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आरक्षित है। उन्होंने पुष्टि की कि इन पांच अवैध अतिक्रमणों को नियमानुसार नोटिस और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद हटाया गया। सिन्हा ने यह भी कहा कि शासन की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link




