![]()
भास्कर न्यूज | नवापारा-राजिम पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर नगर के ऐतिहासिक एवं लगभग 100 वर्ष पुराने श्री राधाकृष्ण मंदिर परिसर में 24 घंटे का संगीतमय श्री अखंड रामायण पाठ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में रायपुर की श्री रामचरितमानस मंडली एवं शर्मा बंधु रायपुर द्वारा सुमधुर भजनों और मानस पाठ की प्रस्तुति दी गई, जिसका बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रसपान किया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने अखंड रामायण पाठ में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन के दौरान सुबह नाश्ता, भोजन एवं प्रसादी की व्यवस्था निरंतर जारी रही। श्री राधाकृष्ण ट्रस्ट समिति के संरक्षक मोहन अग्रवाल ने बताया कि मंदिर अपने गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण कर चुका है और यहां वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होते रहते हैं। पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित यह अखंड रामायण पाठ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र रहा। रविवार को हवन, पूर्णाहुति एवं आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पश्चात भगवान श्रीराम, श्रीहनुमानजी एवं श्रीराधाकृष्ण की महाआरती की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई। आयोजन को सफल बनाने में मोहन अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, प्रणय अग्रवाल, अक्षय अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, नयन अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, संदीप गोयल, गोविंदलाल अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा। श्रद्धालुओं ने कहा कि श्री रामचरितमानस मंडली रायपुर द्वारा प्रस्तुत संगीतमय अखंड रामायण पाठ ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम, श्रीराधाकृष्ण एवं संकटमोचन हनुमानजी का आशीर्वाद प्राप्त कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
<
