रायगड़ा| साईप्रिया नगर के निकट स्थित दो विदेशी शराब दुकानों को स्थानांतरित करने की मांग को लेकर साईप्रिया वेलफेयर ट्रस्ट ने शुक्रवार को आबकारी अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि साईप्रिया नगर के पास विदेशी शराब दुकान संख्या 10 और 15 स्थित हैं, जिसके कारण क्षेत्र में शराब पीकर असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और अशांति का माहौल बना हुआ है। विशेष रूप से महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराबी खुलेआम उसी क्षेत्र में शराब का सेवन करते हैं, जिससे पूरे इलाके में भय का वातावरण बन गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए साईप्रिया वेलफेयर ट्रस्ट ने दोनों शराब दुकानों (संख्या 10 और 15) को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग करते हुए रायगड़ा के आबकारी अधीक्षक संतोष कुमार धलसामंत को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर दयानंद खाड़ंगा, जी ब्रमाजी, टीएन राव, जी शंकर राव, अरुण कुमार साहू, कानाका राजू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
<
