![]()
कोरबा में शराब दुकान के बाहर दो गुटों में हुई मारपीट में बीच-बचाव करने गए एक युवक का जबड़ा टूट गया। घटना बीती रात रामपुर बस्ती में हुई, जहां 7-8 लोगों ने युवक पर ईंट-पत्थर से हमला किया। घायल युवक को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है। सिविल लाइन थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित 27 वर्षीय करण बरेठ मारुति एजेंसी में कार्यरत है। वह रात करीब 9:40 बजे ड्यूटी से घर लौट रहा था, तभी उसने रामपुर भट्टी के सामने तुलसीराम चौहान और रमेश एक्का को लड़ते देखा। रमेश के बुलाने पर करण वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। आरोपियों ने ईंट-पत्थर से करण के जबड़े पर किया हमला इसी दौरान तुलसीराम के दोस्त बंटी चौहान, शुभम चौहान और 7-8 अन्य साथी कार और बाइक से वहां पहुंचे। उन्होंने करण और रमेश एक्का पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ईंट-पत्थर से करण के जबड़े पर वार किया, जिससे वह पूरी तरह टूट गया। हमलावर करण को वहीं छोड़कर रमेश एक्का को गाड़ी में बैठाकर ढेंगुरनाला पुल की ओर ले गए। सूचना मिलने पर करण के पिता राजेश बरेठ मौके पर पहुंचे। उन्होंने करण को खून से लथपथ पाया, जिसके सिर, कान और जबड़े में गंभीर चोटें थीं। करण को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सिटी स्कैन में जबड़ा टूटने की पुष्टि हुई। शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करण को पहले जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। राजेश बरेठ की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने बंटी चौहान, शुभम चौहान और अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ FIR नंबर 419/26 दर्ज की है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115(2), 3(5), 3(1)-BNS के तहत पंजीकृत किया गया है। घायल युवक के पिता ने बताया कि शराब दुकान पर भीड़भाड़ के दौरान रमेश का शराब लेने को लेकर किसी युवक से विवाद हुआ था, जिसके बाद बाहर मारपीट शुरू हो गई।
<
