![]()
रायपुर में तेज रफ्तार वाहनों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सड्डू इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 साल के बच्चे की जान चली गई। हादसा सड्डू स्कूल के पास हुआ, जहां पानी के टैंकर ने नाबालिग को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चा सड़क किनारे पैदल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार टैंकर वहां से गुजरा और उसे कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए हैं। सामने आए वीडियो में हादसे से कुछ सेकेंड पहले एक बाइक सवार भी नजर आ रहा है। पुलिस को शक है कि बाइक की हलचल के कारण बच्चा अचानक टैंकर के सामने आ गया हो। जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे के बाद सबसे पहले वही अज्ञात बाइक सवार मौके पर पहुंचा था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक बच्चा सड्डू के LIG सेक्टर-1 का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र की है। पुलिस फरार टैंकर और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
<
