भास्कर न्यूज | बालोद उत्तर-पश्चिम दिशा से शुष्क हवा आने और वातावरण में नमी की मात्रा 20 फीसदी से कम होने की वजह से रविवार को बालोद जिला लू की चपेट में आ गया। जिसकी पुष्टि मौसम विभाग रायपुर ने की है। 22 साल पहले 2004 में ऐसी स्थिति बनी थी, तब अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री से ज्यादा तक पहुंचा था। हालांकि तब बालोद जिला नहीं बना था। दुर्ग जिले के हिसाब से मौसम विभाग ने रिकॉर्ड काउंट किया था। मौसम विभाग रायपुर के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. गायत्री वाणी कांचीभोटला, एचपी चंद्रा ने बताया कि बालोद सहित प्रदेश के कई जिलों में 29 अप्रैल तक लू के लिए येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। ऐसे में 27 से 29 तक लगातार तीन दिन गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है। 30 अप्रैल से चक्रवात सहित कई सिस्टम के असर से मौसम में बदलाव होने से बादल छाए रहने व बौछार पड़ने के आसार है। वैसे तो तापमान बढ़ने की कई वजह है लेकिन मुख्य वजह यह है कि बालोद जिले में नमी की मात्रा 20 फीसदी या इससे भी कम है। इस स्थिति में उत्तरी व पश्चिमी शुष्क हवा आने से तापमान में इजाफा हो रहा है। पिछले साल से दिन का तापमान 2.3 डिग्री और रात का 1 डिग्री ज्यादा रहा रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री रहा। जबकि पिछले साल 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री था। इस लिहाज से पिछले साल की तुलना में इस बार अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान एक डिग्री ज्यादा रहा। वहीं वर्तमान में दिन व रात का पारा सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। सुबह के अलावा रात में भी गर्म हवा चल रही है। शाम 6 से 7 बजे के बीच वातावरण में नमी की मात्रा 19 फीसदी रही। इस दौरान 8 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। सूर्य की तपिश के बीच बादल छाए रहने से गर्मी से ज्यादा उमस से परेशानी हो रही है। बादल भी छा रहे इस वजह से गर्मी से ज्यादा उमस मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दूसरे प्रदेशों में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय है। इस वजह से बादल भी छा रहे है। अगले तीन दिन तक राहत मिलने की उम्मीद कम है। हालांकि इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में ज्यादा इजाफा या गिरावट का अनुमान नहीं है। दिन का पारा 43 डिग्री व रात का पारा 29 डिग्री के आसपास रह सकता है। इधर, शादी में आए युवक को चक्कर आया, मौत अर्जुंदा में दोपहर में शराब दुकान के काउंटर में खड़े 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मटिया गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए युवक करेला पाटन क्षेत्र से आया था। दोपहर में दुकान गया था। इस दौरान धूप तेज होने से चक्कर आया और मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुंदा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। डॉक्टरों ने भीषण गर्मी की वजह से चक्कर, हार्ट अटैक आने से सांसें थमने का अनुमान लगाया है। हालांकि पीएम रिपोर्ट आने पर कारण स्पष्ट होगा।
<
