भास्कर न्यूज | रायगड़ा वेदांता बाक्साइट खदान के लिए जबरन सड़क निर्माण का विरोध कर रहे आदिवासियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के बाद शुक्रवार ओडिशा प्रदेश कांग्रेस की 13 सदस्यीय हाई-लेवल फैक्ट-फाइंडिंग टीम सिजिमाली पहुंची। सांसद सप्तगिरी शंकर उल्लाका और विधायक रामचंद्र कदम के नेतृत्व में टीम ने शगाबाड़ी और कांतामल गांवों का दौरा किया। टीम ने उन घायल आदिवासियों और बेघर परिवारों से मुलाकात की, जो पुलिसिया बर्बरता का शिकार हुए हैं। पीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास के निर्देश पर यह टीम बिना किसी समझौते के जमीनी हकीकत दर्ज कर रही है। कल (11 अप्रैल) यह टीम जिला अधिकारियों से मिलकर दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ितों के लिए न्याय की मांग करेगी। कांग्रेस ने इसे आदिवासी विरोधी और कॉर्पोरेट समर्थक दमन करार दिया है। पार्टी का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या है। हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक सिजिमाली के निर्दोष आदिवासियों को न्याय नहीं मिल जाता। यह लड़ाई जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा तक जारी रहेगी।
<
