![]()
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में 17 जून को खेत में मिली युवती की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में पता चला कि युवती की हत्या उसके पिता, चाचा और बड़े पिता ने मिलकर की थी। परिवार के लोग उसके लव मैरिज से नाराज थे। इसी वजह से उन्होंने साजिश रचकर उसकी हत्या कर दी। मामले में मुख्य आरोपी पिता को पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। यह मामला पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरेंगा का है। अब जानिए पूरा मामला पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को ग्राम तुरेंगा स्थित खेत में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। शव के गले और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले थे। इसके बाद थाना पटेवा में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक सूचना के जरिए मृतका की पहचान करने का प्रयास किया। बाद में मृतका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि उसके पति ने की। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रानी कुमारी सिंह ने इंटर कास्ट लव मैरिज किया था, जिससे उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता राजेश सिंह नाराज थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद सुनसान खेत में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। सबूतों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम गुजरात के सूरत पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपी उमेश सिंह (50 वर्ष) को थाना पुना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर हत्या की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।
<
