करपिहा जंगल में लकड़ी चोरी रोकने गई वन विकास निगम की टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपितों ने वन अधिकारियों को गाली देते हुए हाथ-मुक्का औ …और पढ़ें

HighLights
- सोनबंधा के ग्रामीणों ने कर्मचारियों को पीटा
- कोटा पुलिस ने आरोपितों पर दर्ज किया केस
- घायल कर्मचारियों का चल रहा है उपचार
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। करपिहा जंगल में लकड़ी चोरी रोकने गई वन विकास निगम की टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपितों ने वन अधिकारियों को गाली देते हुए हाथ-मुक्का और कुल्हाड़ी से मारपीट की। हमले में दो कर्मचारी घायल हुए हैं। कोटा पुलिस आरोपितों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट की धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
गश्त के दौरान विवाद और कुल्हाड़ी से हमला
पुलिस के अनुसार, वन विकास निगम के परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी रवि कुमार जगत शनिवार अपने स्टाफ के साथ करपिहा जंगल में गश्त पर थे। सुबह करीब 8.30 बजे ग्राम सोनबंधा निवासी संतदास और उसके साथियों को लकड़ी चोरी करने की बात पर रोका गया। इस पर आरोपित भड़क गए और अधिकारियों को गाली देते हुए झूमाझटकी करने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपितों ने टीम पर हमला कर दिया, जिससे हितेंद्र कुमार दीवान की कमर में चोट आई है।
वहीं, सुरक्षा श्रमिक धन्नू सिंह पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे उनके हाथ की उंगली से खून बहने लगा। अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। कोटा पुलिस अब आरोपितों की तलाश कर रही है।
कुल्हाड़ी से हमला करने पर मची अफरा-तफरी
गश्त के दौरान जब टीम ने लकड़ी चोरों को पेड काटने से रोकने का प्रयास किया, तो आरोपित पीछे हटने की जगह टीम पर ही हमला करने की कोशिश करने लगे। टीम के मना कर पर सुरक्षा श्रमिक धन्नू सिंह पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। वन विभाग की टीम ने साहस दिखाते हुए आरोपितों का मुकाबला किया, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए जंगल की ओर भाग निकले।
यह भी पढ़ें- फॉर्च्यूनर नहीं अब बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो की नई गाड़ियों के काफिले के साथ चलेंगे छत्तीसगढ़ के सीएम साय
तस्करी रोकने वाली टीम को बनाया निशाना
जंगल में लगातार हो रही लकड़ी की तस्करी को रोकने के लिए वन विकास निगम ने गश्त तेज कर दी है। सक्रियता से बौखलाए तस्कर अब सीधे अधिकारियों पर हमला करने से भी नहीं चूक रहे हैं। पुलिस ने बताया कि शासकीय वाहन और वर्दीधारी स्टाफ पर हमला करना गंभीर अपराध है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ड्यूटी पर तैनात वन विभाग की टीम पर हमले की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में शासकीय कार्य में बाधा डालने और हमला करने वालों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।- मधुलिका सिंह, एएसपी ग्रामीण बिलासपुर
<
