आइपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में बुधवार को रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बारिश के बीच भी क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर नजर आया। …और पढ़ें

HighLights
- करीब पौने दो घंटे की देरी के बाद शुरू हुआ मैच, पर पूरे 20-20 ओवर का हुआ खेल
- बारिश में भीगने के बाद भी विराट कोहली के लिए फैंस का उत्साह और शोर चरम पर रहा
- आरसीबी फैंस से भरा रहा रायपुर स्टेडियम, गायिका कनिका कपूर ने गीतों से बांधा समां
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। आइपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में बुधवार को रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बारिश के बीच भी क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर नजर आया। रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मुकाबले में बारिश ने शुरुआत जरूर प्रभावित की, लेकिन दर्शकों के जोश को कम नहीं कर सकी। करीब एक घंटा 45 मिनट की देरी के बाद मैच रात 8:45 बजे शुरू हुआ, हालांकि राहत की बात यह रही कि मुकाबला पूरे 20-20 ओवर का खेला गया।
मैदान सुखाने की मशक्कत और टॉस का फैसला
शाम करीब पांच बजे तेज बारिश शुरू होने के बाद मैदान और पिच को पूरी तरह कवर से ढंक दिया गया था। लगातार बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण टॉस में भी देरी हुई। पहले टॉस शाम 7 बजे होना था, लेकिन मैदान खेलने लायक नहीं होने से इंतजार बढ़ता गया। बारिश रुकने के बाद ग्राउंड स्टाफ ने सुपर सॉपर की मदद से मैदान को सुखाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रात 8:30 बजे टॉस कराया गया।
टॉस जीतकर आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद केकेआर की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी और शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। कप्तान अजिंक्य रहाणे और विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन ने शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों ने कई आकर्षक चौके लगाए, जिससे स्टेडियम में रोमांच बढ़ गया। हालांकि पावरप्ले के दौरान अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने विकेट लेकर आरसीबी को बड़ी सफलता दिलाई।
स्टेडियम में गूंजा ‘कोहली-कोहली’ का नारा
बारिश और देरी के बावजूद स्टेडियम का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा। मुकाबले के दौरान हर तरफ विराट कोहली के नाम के नारे सुनाई देते रहे। विराट जब मैदान पर फील्डिंग के लिए उतरे तो दर्शकों का शोर पूरे स्टेडियम में गूंज उठा। बच्चे से लेकर युवा तक विराट के पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे थे। कई फैंस बारिश में भीगने के बावजूद अपनी सीटों पर डटे रहे और लगातार टीम का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
आरसीबी समर्थकों का दबदबा और कनिका कपूर की प्रस्तुति
स्टेडियम में आरसीबी समर्थकों का दबदबा साफ दिखाई दिया। लाल जर्सी पहने हजारों फैंस के कारण पूरा स्टेडियम ‘रेड सी’ जैसा नजर आ रहा था। वहीं केकेआर को समर्थन देने वाले दर्शकों की संख्या काफी कम रही और करीब 10 प्रतिशत लोग ही कोलकाता की जर्सी में दिखाई दिए। बारिश रुकने के बाद बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर ने अपनी लाइव प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने करीब 40 मिनट तक अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। ‘बेबी डॉल’ और ‘चित्टियां कलाइयां’ जैसे सुपरहिट गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। कनिका कपूर की प्रस्तुति ने मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम का माहौल और भी शानदार बना दिया।
बारिश में भी डटे रहे हजारों दर्शक: महंगे स्टैंड्स रहे खाली
बारिश के बावजूद क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ। मैच शुरू होने से पहले ही करीब 70 प्रतिशत दर्शक स्टेडियम पहुंच चुके थे। कई लोग बाइक से पहुंचे और बारिश में भीगते हुए भी मैच देखने के लिए अपनी सीटों पर बैठे रहे। युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि पिछले मुकाबले में स्टेडियम पूरी तरह भरा हुआ नजर आया था, लेकिन इस मैच में कुछ प्रीमियम स्टैंड खाली दिखाई दिए। 8 हजार और 9 हजार रुपये वाले टिकटों की मांग कम रही, जिसके चलते इन स्टैंड्स की करीब 80 प्रतिशत सीटें खाली रहीं। दर्शकों ने 3 हजार से 5 हजार रुपये तक के टिकटों को ज्यादा पसंद किया। मैच शुरू होने के बाद भी कई महंगे स्टैंड्स में सीटें खाली नजर आईं।
यह भी पढ़ें- मुरैना की जनसुनवाई में चॉकलेट ने दिखाया असर, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने साफ कराया कीचड़
<
