रायपुर में 709 यूनिट ब्लड डोनेट:सविता दीदी बोलीं- रक्त का कोई विकल्प नहीं, रक्तदान जीवनदान, ब्रह्माकुमारी का पांच दिवसीय रक्तदान महाअभियान

![]()
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के समाजसेवा प्रभाग की ओर से पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर पांच दिवसीय रक्तदान महाअभियान चलाया गया। रायपुर के ब्रह्माकुमारीज के सभी सेवा केंद्रों में रेडक्रॉस के सहयोग से लगाए गए शिविरों में कुल 709 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। अभियान के जरिए लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया गया। शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रभारी डॉ. प्रभु नारायण प्रधान, शुभ हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. विवेक गोयल, छत्तीसगढ़ नर्सिंग कॉलेज की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. भारवी वैष्णव सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर लोगों को जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की। सविता दीदी बोली- रक्त की कोई जाति या धर्म नहीं ब्रह्माकुमारीज रायपुर सेवा केंद्रों की संचालिका एवं सेवा प्रभाग की कोऑर्डिनेटर ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। इसे किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं किया जा सकता। एक इंसान ही दूसरे इंसान को रक्त देकर उसकी जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त की कोई जाति या धर्म नहीं होता। रक्तदान से मानवता और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील डॉ. विवेक गोयल ने बताया कि सड़क हादसों में घायल मरीजों, प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव होने वाली महिलाओं और सिकल सेल एनीमिया व थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों को रक्त की जरूरत पड़ती है। वहीं डॉ. प्रभु नारायण प्रधान ने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है और इससे सामान्य तौर पर कमजोरी नहीं आती। उन्होंने लोगों से खुद रक्तदान करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. भारवी वैष्णव ने समाजसेवा से जुड़े कार्यों के लिए ब्रह्माकुमारीज संस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि शांति सरोवर आगे भी समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। कार्यक्रम में दीक्षा दीदी ने मेडिटेशन कराया, जबकि संचालन ब्रह्माकुमारी अदिति दीदी ने किया।
Source link




