Uncategorized

NH-30 पर एंबुलेंस हादसा: नर्स शबनम खान की मौत, मृतक के तीन परिजन घायल

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर रायपुर से जगदलपुर लौट रही एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। इस हादसे में नर्स शबनम खान (35) की मौत हो गई, जबकि बाकी 3 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में एडमिट किया गया है। घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस रायपुर से जगदलपुर लौट रही थी, जिसमें 72 साल के राजेंद्र खत्री का शव रखा था और उनके परिजन भी साथ लौट रहे थे। हादसे में मृतक के बेटे देवेंद्र खत्री, पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई घायल हुए हैं।

दरअसल, जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा के रहने वाले राजेंद्र खत्री को इलाज के लिए डिमरापाल से रायपुर के एसएमसी अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद राजेंद्र खत्री का शव एंबुलेंस से परिजन के साथ जगदलपुर वापस ले जाया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि धमतरी के संबलपुर के पास एंबुलेंस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी।

टक्कर के दौरान एंबुलेंस में साइड में बैठी नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में राजेंद्र खत्री के बेटे देवेंद्र खत्री, उनकी पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई को चोट आई है। तीनों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। नर्स शबनम खान के शव को वरदान एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे की सूचना मिलने पर अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अर्जुनी पुलिस जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button