![]()
रायपुर में बाइक सवार बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। टिकरापारा और पुरानी बस्ती इलाके में झपटमारी और लूट की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। बदमाश चलते वाहन में लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल और पर्स छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद और अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पहला मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। दतरेंगा निवासी प्रेम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि 30 अप्रैल की सुबह वह बाइक से गोकुल नगर गौठान जा रहे थे। सुबह करीब 6 बजे गोकुल नगर मुक्तिधाम के पास तीन युवक बाइक से आए और चलते वाहन में उनकी शर्ट की जेब से टेक्नो स्पॉर्क मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पीड़ित ने आसपास पूछताछ की तो एक आरोपी का नाम शेख राजिक पता चला। इसी तरह दूसरे मामले में बोरियाखुर्द निवासी पोषण नागरची ने बताया कि 15 फरवरी की रात वह साइकिल से घर लौट रहे थे। गोकुल नगर मुक्तिधाम के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी जेब से रियलमी कंपनी का मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने आरोपियों की पहचान शेख राजिक, अलताफ खान और मुस्तकीम खान के रूप में की है। पुरानी बस्ती में महिला से पर्स छीना तीसरी घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है। मठपारा निवासी कमला उपाध्याय एक्टिवा से आयुर्वेदिक दवा देने दतरेंगा जा रही थीं। शीतला चौक भाठागांव के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में ओप्पो मोबाइल, 10 हजार रुपए नकद और आयुर्वेदिक दवाइयां थीं। झपटमारी के दौरान महिला सड़क पर गिर गई, जिससे उनके हाथ और पैर में चोट आई। तीन संदेही हिरासत में पुलिस ने तीनों मामलों में FIR दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जांच के बाद तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है। टिकरापारा लूटकांड से इन आरोपियों का संबंध बताया जा रहा है। बहरहाल पुलिस तीनों संदेहियों से पूछताछ कर रही है।
<
