![]()
रायपुर में पेट्रोल भराने को लेकर हुए विवाद के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी द्वारा युवक और उसके भाई से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना छछानपैरी स्थित आरती फ्यूल्स पेट्रोल पंप की है। पीड़ित युवक पेशे से पियानिस्ट है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का नाम पुलिस द्वारा मोहम्मद अयान बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला मुजगहन थाना पीड़ित ने पुलिस को बताया, कि वो फाफाडीह रमन मंदिर वार्ड निवासी है। अपने छोटे भाई के साथ 14 मई की रात स्कूटी से कल्पवृक्ष फार्म हाउस से वापस लौट रहा था। रात करीब 8:30 बजे दोनों पेट्रोल भराने के लिए छछानपैरी स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे। युवक ने बताया कि वह लाइन में काफी देर से खड़ा था। इसी दौरान पीछे आई एक महिला की स्कूटी में पहले पेट्रोल डाल दिया गया। इस बात को लेकर युवक ने पंप कर्मचारी से सवाल किया तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। पीड़ित ने बताया कि विवाद के बाद कर्मचारी ने गुस्से में स्कूटी से नोजल निकाल लिया और पेट्रोल देने से मना कर दिया। जब युवक और उसका भाई वहां से जाने लगे, तब कर्मचारी पंकज ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों भाइयों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट में छोटे भाई के नाक, आंख, कान और सिर में चोट आई है, जबकि युवक को भी शरीर में चोटें लगी हैं। इलाज कराने और परिवार से चर्चा के बाद दोनों ने शनिवार को पिता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पेट्रोल पंप कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
<
