![]()
भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी में कई सामाजिक संगठनों की तरफ से शनिवार और रविवार को भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कहीं भजन-संगीत की संध्या सज रही है तो कहीं शोभायात्रा और महाप्रसाद वितरण की तैयारियां हैं। डंगनिया स्थित परशुराम मंदिर से लेकर शांति नगर, राठौर चौक और डीडी नगर, गोल चौक तक अलग-अलग स्थानों पर होने वाले इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के तहत डंगनिया स्थित भगवान परशुराम मंदिर में आयोजित 10वें वार्षिक उत्सव के चतुर्थ दिवस पर शनिवार को भजन-संगीत की रंगारंग संध्या होगी। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील ब्राह्मण समाज की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में “रंग छत्तीसा” के तहत छत्तीसगढ़ी संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। इस कार्यक्रम में पूनम विराट तिवारी और दिव्या तिवारी अपने साथियों के साथ भक्ति गीतों और छत्तीसगढ़ी संगीत से माहौल को भक्तिमय बनाएंगी। आयोजन शाम 7 बजे से मंदिर परिसर में शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। भजन संध्या का आयोजन भगवान श्री परशुराम जयंती के अवसर पर ऑल इंडिया ब्राह्मण संगठन की तरफ से पूजा और भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रायपुर के शांति नगर स्थित विमलता हॉल में शाम 4 बजे से शुरू होगा। आयोजन को लेकर पोस्टर जारी कर समाज के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम में भजन, पूजा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान परशुराम की आराधना की जाएगी। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का प्रयास है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। श्रीराम मंदिर राठौर चौक से निकलेगी शोभायात्रा श्री परशुराम जन्मोत्सव 2026 के अवसर पर श्री गौड़ ब्राह्मण समाज संस्था रायपुर की तरफ से 19 अप्रैल (रविवार) को अक्षय तृतीया के दिन भव्य आयोजन किया जाएगा। समाज की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव हर वर्ष की तरह इस बार भी धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे। शाम 5 बजे श्रीराम मंदिर राठौर चौक से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो रामसागर पारा, बढ़ई पारा, ललिता चौक, तात्यापारा, सत्ती बाजार चौक होते हुए श्री अंबा जी मंदिर सत्ती बाजार तक पहुंचेगी। समाज ने अपील की है कि इस दिन लोग अपने प्रतिष्ठान बंद कर परिवार सहित शोभायात्रा में शामिल हों और मार्ग में पुष्पवर्षा, शीतल जल और फलाहार से स्वागत करें। शोभायात्रा के बाद सभी के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी। गोल चौक में महाप्रसाद का आयोजन भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर समस्त विप्र परिवार की तरफ से 19 अप्रैल को भोग महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार हर साल की तरह इस बार भी भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। जिसमें समाज के लोगों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम शाम 5:30 बजे से डीडी नगर वार्ड के गोल चौक, रोहिणीपुरम में आयोजित होगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने सभी से कार्यक्रम में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। महामाया देवी मंदिर परिसर में कार्यक्रम पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया देवी मंदिर परिसर में परशुराम जंयती के अवसर पर भव्य आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में रायपुर शहर के समस्त सामाजिक स्वजन और अलग-अलग संगठनों के सहयोगियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की ओर से किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार, भगवान परशुराम की जयंती के इस पावन अवसर पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी अपेक्षित है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
<
