रायपुर में डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपी गिरफ्तार…VIDEO:कचना इलाके की ज्वेलर्स शॉप में थी वारदात की तैयारी, हथियार-गाड़ियां जब्त

![]()
राजधानी रायपुर में ज्वेलर्स शॉप को निशाना बनाने से पहले ही पुलिस ने डकैती की योजना को नाकाम कर दिया। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खम्हारडीह के महेश धीवर, नितिन उर्फ सोनू बैस, खेमलाल सेन, लक्ष्मण साहू और पीयूष कुमार साहू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कचना इलाके के आसपास किसी ज्वेलर्स शॉप में डकैती डालने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार, 4 मोबाइल फोन और 2 वाहन बरामद किए हैं। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। जानिए क्या है पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह इलाके के एक खेल मैदान में कुछ युवक दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ बैठे हैं। उनके पास धारदार हथियार हैं और वे लूट या डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मैदान में बैठे युवक भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर 5 युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में डकैती की योजना कबूली पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की योजना बनाने की बात कबूल की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों और उनके वाहनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को 2 बटनदार चाकू, एक बड़ा स्टील चाकू, 2 कैंची और एक स्टील पाइप मिला। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इसके अलावा एक होंडा बाइक (CG 04 QT 4258) और टाटा एस डीआई वाहन (CG 04 JD 9030) भी कब्जे में लिया गया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कचना क्षेत्र के आसपास स्थित ज्वेलर्स शॉप में डकैती करने की योजना बनाना स्वीकार किया। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक 348/26 के तहत धारा 310(4) बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। दो आरोपी पहले भी जा चुके जेल पुलिस के अनुसार, आरोपी लक्ष्मण साहू पहले आबकारी एक्ट और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं खेमलाल सेन भी मारपीट के मामले में जेल में रह चुका है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और डकैती की योजना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
Source link




