![]()
रायपुर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों से एक दर्जन से ज्यादा दोपहिया वाहन चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राहुल वर्मा (33) के रूप में हुई है, जो B.Tech डिग्रीधारी है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम बनाई गई थी। टीम को वाहन चोरी पर अंकुश लगाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। सीसीटीवी कैमरे-मुखबिर की मदद से पकड़ा जांच के दौरान टीम ने चोरी वाले स्थानों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। नियमित पेट्रोलिंग, तकनीकी विश्लेषण और सूचना संग्रह के जरिए उन इलाकों को चिन्हित किया गया, जहां सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन चोरी हो रहे थे। पहले भी चोरी की गाड़ी के साथ हो चुका गिरफ्तार इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खरोरा निवासी राहुल वर्मा, जो पहले भी कई वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहा है, इन दिनों अलग-अलग दोपहिया वाहनों से घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्य मिलने के बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने रायपुर शहर के अलग-अलग इलाकों से 13 बाइक चोरी करना कबूल कर लिया। इन इलाको से चुराई थी बाइक आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखी गईं 13 बाइक बरामद कीं। इनमें से 11 दोपहिया वाहनों के चोरी के मामले सिविल लाइन, पंडरी, सरस्वती नगर, कोतवाली, डीडी नगर, देवेंद्र नगर, मौदहापारा और पुरानी बस्ती थाना में पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी राहुल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वह वर्ष 2023 में रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 40 दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी ग्राम बुडे़रा, आजाद चौक, थाना खरोरा का रहने वाला है।
<
