![]()
रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा की बैठक आज आयोजित होगी। यह बैठक सुबह 11 बजे नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के चौथे तल स्थित सभागार में होगी। बैठक की अध्यक्षता सभापति सूर्यकांत राठौड़ करेंगे। इस विशेष बैठक में मुख्य रूप से महिला सशक्तिकरण के लिए अल्पकालिक जन-जागरूकता अभियान और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। साथ ही इसे बेहतर तरीके से लागू करने के अलग-अलग पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। पिछली बैठक में 14 एजेंडों पर चर्चा नगर निगम की पिछली सामान्य सभा 9 अप्रैल को आयोजित हुई थी, जिसमें 14 एजेंडों पर चर्चा की गई। सिटी कोतवाली चौक का नाम “जैन स्तंभ” रखने के प्रस्ताव पर जमकर बहस हुई, लेकिन विपक्ष के विरोध के बाद इसे निरस्त कर दिया गया। बाकी एजेंडे बहुमत से पारित किए गए, जबकि किरण बिल्डिंग परिसर में दुकानों के व्यवस्थापन से जुड़े मुद्दे पर शासन से मार्गदर्शन लेने का निर्णय लिया गया। विपक्ष ने उठाए कई सवाल विपक्ष ने महिला सशक्तिकरण पर विशेष सामान्य सभा बुलाने का स्वागत करते हुए कई सवाल भी उठाए हैं। उनका कहना है कि तात्यापारा रोड चौड़ीकरण पर विशेष बैठक क्यों नहीं बुलाई गई? शहर में गहराते जल संकट पर चर्चा क्यों नहीं हो रही? बारिश से पहले जलभराव और ड्रेनेज के 220 करोड़ रुपए के कार्यों पर बैठक क्यों नहीं हो रही? इसके अलावा बुजुर्गों को पिछले 6 महीनों से पेंशन नहीं मिलने के मुद्दे पर चर्चा क्यों नहीं की जा रही? विधवा पेंशन और महतारी वंदन योजना के लंबित मामलों पर विचार क्यों नहीं किया जा रहा? विपक्ष ने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण केवल कागजों तक सीमित है और जमीनी स्तर पर इसका प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। महापौर से घोषणा की मांग विपक्ष ने महापौर मीनल चौबे से मांग की है कि वे महिलाओं के नाम पर संपत्ति कर में छूट देने की घोषणा करें, जैसा कि घोषणा पत्र में वादा किया गया था। विपक्ष का कहना है कि अगर आज इस पर निर्णय लिया जाता है, तभी यह विशेष सामान्य सभा वास्तविक महिला सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक कदम मानी जाएगी।
<
