रायपुर के वीआईपी रोड स्थित एक फार्म हाउस में पुलिस आरक्षक रमाकांत सिंह की स्विमिंग पूल में डूबने से संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। …और पढ़ें

HighLights
- पुजारी फार्म में पुलिस आरक्षक की मौत
- स्विमिंग पूल में डूबने की आशंका से सनसनी
- अचेत अवस्था में मिला था आरक्षक
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित पुजारी फार्म हाउस में शुक्रवार शाम एक पुलिस आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पुलिस आरक्षक रमाकांत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरक्षक अपने कुछ साथियों के साथ फार्म हाउस में समय बिताने पहुंचा था। इसी दौरान स्विमिंग पूल में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना माना थाना क्षेत्र की है।
अचेत अवस्था में मिला आरक्षक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शाम करीब 5:30 बजे फार्म हाउस में मौजूद लोग स्विमिंग पूल के पास थे। इसी दौरान रमाकांत सिंह पूल में उतरा, लेकिन कुछ देर बाद वह दिखाई नहीं दिया। साथियों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो वह पूल के अंदर अचेत अवस्था में मिला। आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फार्म हाउस और स्विमिंग पूल के आसपास जांच शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
फिलहाल शुरुआती जांच में स्विमिंग पूल में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
<
