![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में पुलिस ने अवैध कबाड़ पर कार्रवाई करते हुए 21 लाख का कबाड़ जब्त किया है। 4 वाहनों से कबाड़ का अवैध परिवहन किया जा रहा था, जिनके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। वहीं अवैध कबाड़ लोड एक वाहन लावारिस हालत में मिला। पुलिस ने अवैध कबाड़ को जब्त किया है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। जिसके बाद डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में पूंजीपथरा पुलिस टीम ने अग्रोहा प्लांट के पास पार्किंग क्षेत्र में ट्रक को जांच करने पर चालक नीरज कुमार निवासी औरंगाबाद से दस्तावेज मांगा गया, लेकिन उसके पास कोई कागजात नहीं मिला। ऐसे में पुलिस ने इसके पास से 25 टन 510 किलोग्राम अवैध स्क्रैप कबाड़ जब्त किया। इसके बाद तमनार चौक, पूंजीपथरा के पास ट्रक को पकड़ा गया, जिसे चालक अबताब खान निवासी सरगुजा चला रहा था। वाहन में करीब 24 टन 200 किलोग्राम कबाड़ लोड था। इसके पास भी कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके अलावा महालक्ष्मी काटिंग प्रायवेट लिमिटेड के पास पार्किंग क्षेत्र में ट्रक की जांच की गई, जिसमें चालक एमडी अलीम निवासी पलामू (झारखंड) मिला। ट्रक में लगभग 4 टन 950 किलोग्राम स्क्रैप कबाड़ लोड था, पास भी कोई वैध दस्तावेज नहीं था। गेरवानी सलासर चौक के पास छः चक्का ट्रक में लोड 11 टन कबाड़ को लेकर सुभाष शर्मा निवासी बरगढ़ जा रहा था। जिसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
लावारिस हालत में मिला कबाड़ लोड ट्रक
वहीं गेरवानी सलासर चौक के पास एक ट्रक लावारिस हालत में खड़ा मिला। जिसमें लगभग 23 टन 620 किलोग्राम कबाड़ लोड था। मौके पर चालक और वाहन स्वामी का कोई पता नहीं चलने पर संदेह के आधार पर वाहन को जप्त कर धारा 106 BNS के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामी की पतासाजी की जा रही है। सभी मामले में पुलिस ने कुल 89.28 टन 21 लाख का अवैध कबाड़ जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
<
