![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जिसमें शादीशुदा युवक ने खुद को अविवाहित बताकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। नाबालिग के गुम होने की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को 13 साल की नाबालिग के परिजनों ने कोतवाली थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने बताया कि बच्ची दोपहर में घर से निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले मोहल्ले और रिश्तेदारों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग ग्राम कोटमी (थाना डभरा, जिला सक्ती) में है। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम वहां पहुंची और बच्ची को तलाश कर संदेही रमेश यादव (21 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि रमेश यादव से एक साल पहले मेले में पहचान हुई थी और उसके बाद दोनों मोबाइल पर बातचीत करते थे। हर 10-15 दिनों के बीच रमेश रायगढ़ आता था और उसने खुद को अविवाहित बताया था। मोटर साइकिल से अपने घर ले गया 27 अप्रैल को आरोपी फिर रायगढ़ आया। उसने रोज गार्डन के पास नाबालिग से मुलाकात की और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह उसे मोटरसाइकिल से अपने घर ले गया। पीड़िता ने बताया कि उसे यह पता नहीं था कि रमेश पहले से शादीशुदा है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि नाबालिगों को बहला-फुसलाकर ले जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता में है। नाबालिग को बहला-फुसला कर भगा ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
<
