![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में फर्जी ई-वे बिल के जरिए स्क्रैप की अवैध तरीके से बिक्री की जा रही थी। कुछ दिन पहले कबाड़ से भरे वाहनों को पकड़ा गया था, जिसके बाद जांच में इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 13 मार्च को पुसौर थाना क्षेत्र में कबाड़ से भरे दो वाहन पकड़े गए थे। मामले की जांच के दौरान ट्रक ड्राइवर कुबेर यादव (37), निवासी मेदनीपुर जिला महासमुंद और सरोज भोई (44), निवासी बांदूटिकरा ओडिशा से पूछताछ की गई। दोनों ने बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से स्क्रैप लेकर रायगढ़ के पूंजीपथरा क्षेत्र जा रहे थे। जांच में नीरज अग्रवाल द्वारा दिए गए टैक्स इनवॉइस और ई-वे बिल में कई गड़बड़ियां मिलीं। दस्तावेजों में माल भेजने की जगह अलग-अलग दर्ज थी। इससे पुलिस को स्क्रैप चोरी का शक हुआ और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ओडिशा के भेडन थाना क्षेत्र स्थित मसौदी इंटरप्राइजेस पहुंची, जहां फर्म संचालक गुलाम हैदर और उसके भाई गुलाम मोहम्मद से पूछताछ की गई। ट्रको को छुड़ाने फर्जी बिला तैयार किया गया पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग कबाड़ व्यापारियों से स्क्रैप खरीदते थे। इस स्क्रैप को ओडिशा, रायगढ़ और रायपुर के व्यापारियों तक कभी वैध दस्तावेजों के साथ तो कभी बिना ई-वे बिल के भेजा जाता था। आरोपियों ने यह भी माना कि जब पुलिस ने ट्रकों को पकड़ा, तब रायगढ़ निवासी नीरज अग्रवाल के कहने पर रात में फर्जी ई-वे बिल बनाए गए और व्हाट्सएप के जरिए भेजे गए। इसका मकसद पुलिस और कोर्ट के सामने इन्हें असली दस्तावेज बताकर ट्रकों को छुड़ाना था। राजस्व चोरी की जानकारी भी सामने आई पुलिस ने आरोपी गुलाम हैदर से मसौदी इंटरप्राइजेस फर्म और जीएसटी बिल से जुड़े दस्तावेज जब्त किए। जांच में पता चला कि आरोपियों ने राज्य शासन को जीएसटी का नुकसान पहुंचाया है। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(3), 338, 340(2), 61 समेत अन्य धाराएं जोड़ी गई हैं। आरोपियों को जेल भेजा गया पुसौर पुलिस ने पहले ही आरोपी गुलाम हैदर और गुलाम मोहम्मद, निवासी ओडिशा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं अब ड्राइवर सरोज भोई और कुबेर यादव को भी सबूत मिलने के बाद गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। मामले का मुख्य आरोपी नीरज अग्रवाल अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
<
