![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में आज एक फिर एक हाथी शावक की मौत हो गई। दोपहर में उसकी लाश डैम के पानी में देखी गई। वहीं अलग-अलग जगह पर तेंदूपत्ता तोड़ने गई दो महिलाओं पर हाथी ने हमला कर दिया। जिससे दोनों महिलाएं घायल हो गई और जंगली सुअर के हमले से भी एक ग्रामीण गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मामला छाल और घरघोड़ा रेंज का है। मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को छाल वन परिक्षेत्र के डोंगाभौना गांव के गोखरा डैम में दोपहर तकरीबन 12 बजे एक हाथी शावक का शव पानी में था। तभी उसे ग्रामीणों ने देखा और मामले की जानकारी हाथी मित्र दल व वनकर्मियों को दी। ऐसे में छाल रेंजर समेत वनकर्मी मौके पर पंहुचे और शव को किसी तरह पानी से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि रात के समय यहां 20 हाथियों का दल था और संभावना जताई जा रही है कि वह दल नहाने के लिए पानी में उतरा होगा। तभी शावक की डूबने से मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही डीएफओ, एसडीओ भी मौके पर पहुंच गए। छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि शव का प्रारंभिक जांच करने के बाद पशु चिकित्सकों के द्वारा पोस्टमार्टम किया गया और शव को दफना कर आगे की प्रक्रिया की जा रही है।
महिलाओं पर हाथी ने किया हमला
शुक्रवार को घरघोड़ा रेंज के ग्राम बड़ेगुंडा की रहने वाली तिहारिन सिदार 55 साल तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए पास के जंगल में गई थी। तभी कक्ष क्रमांक 1236 PF में अचानक हाथी से उसका सामना हो गया और हाथी ने उस पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं दूसरी घटना चारमार बीट के खोखरोआमा के जंगल में हुई। जहां तेंदूपत्ता तोड़ने गई गीता मांझी 25 साल पर हाथी ने हमला कर दिया। दोनों ही घटना में घायल महिलाओं को ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं विभाग की ओर से तत्कालिक सहायता राशि दी गई है।
जंगली सुअर ने भी किया घायल
शुक्रवार की सुबह छाल रेंज के रीलो में रहने वाला नारायण सिंह राठिया तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए जंगल गया था। तभी कक्ष क्रमांक 508 PF में झाड़ियों से निकलकर जंगली सुअर ने उस पर हमला कर दिया। इससे उसके कंधे के करीब गंभीर चोट आई। उसने हल्ला किया, तो जंगली सुअर वापस जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं विभाग की ओर से तत्कालिक सहायता राशि दी गई है।
<
