![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला को सीजी डायल-112 के तहत 16 अत्याधुनिक ईआरव्ही वाहनों की सुविधा मिली है। जिसे लेकर वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने आज पुराना पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में इस आपातकालीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब रायगढ़वासियों को किसी भी आपात स्थिति में तेज, सुरक्षित और प्रभावी सहायता उपलब्ध हो सकेगी। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने इसे शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक बताते हुए कहा कि कैबिनेट के बड़े निर्णयों का परिणाम अब धरातल पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पुलिस को कानून व्यवस्था बनाये रखने में मदद मिलेगी। साथ ही पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक मजबूत होगी। इसके अलावा आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में SSP शशि मोहन सिंह ने जानकारी दी डायल-112 योजना 4 सितम्बर 2018 से राज्य के 16 जिलों में संचालित थी। जिसे अब छत्तीसगढ़ डायल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया गया है। इस परियोजना का लोकार्पण 18 मई को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया था।
अत्याधुनिक उपकरणो से लैश हैं वाहन
SSP ने बताया कि फेज-2 के अंतर्गत पूरे प्रदेश में कुल 400 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल तैनात किए गए हैं। जिनमें से रायगढ़ जिले को 16 ईव्हीआर वाहन आबंटित हुए हैं। इन आधुनिक वाहनों में पीटीजेड कैमरा, डैश कैमरा, GPS डिवाइस, मोबाइल डेटा टर्मिनल और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसे अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। जिससे घटनास्थल पर तुरंत प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित हो सकेगी। पुलिस, चिकित्सा सेवा, अग्निशमन सेवा, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन व नेशनल हाईवे सेवाओं को आपातकालीन नंबर 112 से जोड़ा गया है। जिससे लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पूरे प्रणाली के संचालन के लिए रायपुर में अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सी4 स्थापित किया गया है।
<
