![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही चोरी का मोबाइल खरीदने वाले युवक को भी पुलिस ने पकड़ा है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2025 को वार्ड क्रमांक-15 निवासी अमन गुप्ता ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान “गोल्डी फर्नीचर इलेक्ट्रॉनिक एंड मोबाइल” से मोबाइल फोन, एलसीडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा और सीलिंग पंखे चोरी हो गए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि दुकान का सामान कम होने पर जब उसने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उसमें रामायण दास महंत संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिया। आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में आता था और मौका मिलने पर सामान बाहर निकालकर चोरी कर लेता था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार केस दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी घरघोड़ा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रामायण दास महंत उर्फ बर्रा (45 वर्ष), निवासी बर्रा थाना खरसिया को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने दुकान से दो एलसीडी टीवी, एक मोबाइल फोन, दो इंडक्शन चूल्हा और दो सीलिंग पंखे चोरी करना स्वीकार कर लिया। चोरी का सामान बरामद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो एलसीडी टीवी और दो इंडक्शन बरामद किए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि चोरी किया गया ओप्पो मोबाइल फोन उसने घरघोड़ा निवासी मोहम्मद मुजाहिद खान उर्फ राजू खान (35) को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने राजू खान को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों आरोपी भेजे गए जेल मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
<
