![]()
रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पचवाल स्थित पांगन नदी के महुआ घाट पर पोकलेन मशीन का उपयोग कर अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। इस लगातार हो रहे उत्खनन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर दिन-रात नदी से रेत निकाली जा रही है, जिससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि भारी मशीनों के उपयोग से नदी के किनारों का कटाव बढ़ गया है। इसके साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में भूजल स्तर प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अवैध उत्खनन के कारण ग्रामीण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। अवैध उत्खनन पर रोक लगाने की मांग स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मामले की तत्काल जांच कर अवैध उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। इस संबंध में खनिज विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। वहीं, खनिज इंस्पेक्टर सुब्रत साना ने कहा है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
<
