![]()
राजनांदगांव में विश्व नवकार मंत्र दिवस के अवसर पर एक सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का आयोजन किया गया। सकल जैन श्री संघ के तत्वाधान में JLW (जीतो लेडीज विंग) और JBN (जीतो बिजनेस नेटवर्क) के संयुक्त सहयोग से यह कार्यक्रम हुआ। स्थानीय श्री पार्श्वनाथ जैन बगीचा में गुरुवार सुबह 8:15 बजे 3000 से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ ‘णमोकार महामंत्र’ का जाप किया। सफेद वस्त्रों में सजे नर-नारियों और बच्चों सहित अन्य समाजों के लोगों ने भी इस आयोजन में भाग लिया। इस आयोजन में जैन समाज के सभी पंथों और वर्गों के अनुयायियों ने हिस्सा लिया, जिसे समाज की एकता का प्रतीक बताया गया। शहर के अनेक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की, जिससे बच्चों में आध्यात्मिकता और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ी। इस अवसर पर जिला प्रशासन और समाज के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इनमें जिला कलेक्टर जितेंद्र यादव, एडमिनिस्ट्रेटर कलेक्टर शीतल जी, आयुक्त अतुल विश्कर्मा, सकल जैन श्रीसंघ के अध्यक्ष विनय दद्दा, पूर्व महापौर नरेश डाकलिया और वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख शामिल थे। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद जाप केंद्र में पूर्ण अनुशासन देखा गया। भगवान महावीर के संदेश को JITO के माध्यम से लोगों को बताया गया, जिससे सभी को उनके सिद्धांतों और संदेशों को याद करने और आत्मचिंतन करने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने मिलकर विश्व शांति, मानव कल्याण और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की। आयोजन समिति, JITO परिवार और श्री जैन सकल संघ के पदाधिकारियों ने इस आयोजन की सफलता का श्रेय समाज के सभी सदस्यों और विद्यार्थियों को दिया। श्रद्धालुओं के उत्साह ने इस आयोजन को राजनांदगांव की धार्मिक चेतना के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बना दिया।
<
