भास्कर न्यूज | रामचंद्रपुर बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में अवैध धान कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कर पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी 35 वर्षीय अमित गुप्ता को गिरफ्तार किया है। मामला 26 दिसंबर का है, जब राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम अवैध धान परिवहन पर निगरानी के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछा कर वाहन को पकड़ा और पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी श्याम सुंदर गुप्ता द्वारा उत्तरप्रदेश से सस्ते दाम पर धान लाकर छत्तीसगढ़ के खरीदी केंद्रों में किसानों के नाम पर बेचा जा रहा था। इसके लिए किसानों के बैंक खाते, ऋण पुस्तिका और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में रखे जाते थे। बता दें कि इस फर्जीवाड़े में मुख्य आरोपी श्याम सुंदर गुप्ता को तीन माह पहले दिसंबर माह में ही गिरफ्तारी हुई थी, जिसके बाद माह जनवरी में मंडी ऑपरेटर और पटवारी की मिलीभगत भी सामने आई थी, जिससे उनकी भी गिरफ्तारी हो चुकी है। मुख्य आरोपी श्याम सुंदर गुप्ता के मोबाइल की जांच में अमित गुप्ता की संलिप्तता भी उजागर हुई, जो फरार था। पुलिस को सूचना मिली कि वह रामचंद्रपुर के मिनवाखांड के रास्ते जा रहा है, जहां घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी से बैंक से जुड़े दस्तावेज, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल और बाइक जब्त की गई।
<
