युवक की पिटाई फिर लूट लिए पैसे और फोन:वारदात के बाद फरार था आरोपी, शिकायत के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

![]()
बस्तर पुलिस ने लूट की वारदात करने वाले एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने युवक से मारपीट कर उसका मोबाइल फोन और नगदी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, मेटगुड़ा निवासी रोशन ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जून 2026 को वह आसना से पनारापारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूल के पास खड़े अनिल बघेल ने उसे रोककर गाली-गलौज की और थप्पड़ मारकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने उसकी जेब से 1,500 रुपए नगद और करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी अनिल कुमार बघेल (30) निवासी पनारापारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने रोशन से मारपीट कर मोबाइल और नगदी लूटने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामले में भी जेल जा चुका है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
Source link




