भास्कर न्यूज | महासमुंद भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर इसे सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत के स्वर्णिम कालखंड के रूप में वर्णित किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में शुरू हुई यह यात्रा देश के करोड़ों नागरिकों की आकांक्षाओं और विश्वास को नई दिशा देने वाली ऐतिहासिक पहल साबित हुई है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं ने तकनीक आधारित शासन, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए हैं। वहीं आधारभूत संरचना, रक्षा, अंतरिक्ष विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। तकनीक आधारित प्रशासन, डीबीटी और पारदर्शी व्यवस्था ने शासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत किया है। तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ और महासमुंद जिले को भी केंद्र सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक लाभ मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प आने वाले वर्षों में साकार होगा।
<
