![]()
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 13 अप्रैल को सुकमा जिले से ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ का शुभारंभ किया। कोंडागांव जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी स्थानीय स्तर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत सदस्य रदमा बघेल और यशोदा कश्यप सहित सीएमएचओ डॉ. आरके चतुर्वेदी और अधिकारीगण भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सुकमा से आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। विधायक लता उसेंडी ने इस अभियान को बस्तर क्षेत्र के सुदूर अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में शासन की एक महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी पहल बताया। एनीमिया मुक्त समाज का लक्ष्य उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य पर जोर देते हुए एनीमिया मुक्त समाज के निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताया, ताकि वे स्वस्थ रहकर हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।बता दें कि मुख्यमंत्री ने ‘मावा सेहत, मावा बस्तर’ के संकल्प के साथ इस अभियान की शुरुआत की है। इसका मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक तक निशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति का डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य दल घर-घर जाकर उच्च रक्तचाप, मधुमेह, सिकल सेल और कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। एनीमिया पर विशेष ध्यान साथ ही, टीबी, मलेरिया, कुष्ठ और फाइलेरिया जैसे संचारी रोगों की भी जांच की जा रही है। बच्चों और गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की जांच और उपचार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
<
