![]()
मुंगेली जिले में गौ सेवकों ने गौशाला निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टोरेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टोरेट के मुख्य गेट पर करीब 20 गायों को बांधकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और धरने पर बैठ गए। युवाओं का कहना है कि उन्होंने लगभग चार महीने पहले भी भूख हड़ताल की थी। उस समय प्रशासन ने उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने मुंगेली मार्ग पर किया चक्काजाम मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, बात नहीं बनी और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसके बाद नाराज युवाओं ने बिलासपुर-मुंगेली मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए बलपूर्वक प्रदर्शनकारियों को हटाया और जाम खुलवाया। इस दौरान करीब दर्जनभर गौ सेवकों को गिरफ्तार किया गया। 16 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है, जबकि तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। गिरफ्तार किए गए युवक पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए लगातार नारेबाजी करते रहे। प्रशासन ने चक्काजाम और मार्ग अवरुद्ध करने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। नाराज गौ सेवकों ने रविवार को नगर बंद का ऐलान किया है। फिलहाल, मौके पर स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
<
