![]()
भास्कर न्यूज | सिनोधा भक्ति, परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर संगम ग्राम मटिया में देखने को मिला, जहां साहू समाज द्वारा भक्त शिरोमणि माता कर्मा की 1010वीं जयंती के पावन अवसर पर भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर 5 जोड़ों ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माता कर्मा के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। आयोजन स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में संपन्न हुईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा। समारोह में भाटापारा विधायक इंद्र साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू समाज अध्यक्ष सुनील साहू ने की। जिला पंचायत सभापति ईशान वैष्णव सहित अन्य अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. भीम साहू ने सभी अतिथियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन न केवल नवदंपत्तियों के लिए यादगार बना, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और परंपरा की मिसाल भी प्रस्तुत कर गया। मटिया, फरहदा, बड़े जरौद, जांगड़ा, मुड़पार, गोरदी और भंवरगढ़ सहित आसपास के लोग मौजूद थे।
<
