भास्कर न्यूज | सीपत नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जिले में सियासी माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बिलासपुर ग्रामीण ने कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के विरोध के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। यह कार्यक्रम प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिले सहित पूरे प्रदेश में एक साथ आयोजित किया गया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उनका कहना था कि यह कानून महिलाओं को अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने का माध्यम है, जबकि इसका विरोध महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण निर्णय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का विरोध उसकी संकीर्ण सोच को उजागर करता है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर मोहित जायसवाल, द्वारकेश पांडेय, चंद्र प्रकाश सूर्य, राजेश सूर्यवंशी, नागेश्वरी साहू, गायत्री साहू, दिलेन्द्र कौशिक, सरस्वती सोनवानी, तिरितराम यादव, दीपक शर्मा, हरिकेश गुप्ता, ललित यादव, तुषार चंद्राकर, अंकुर सिंह ठाकुर, वैभव तम्बोली,अंकित शुक्ला, नूरी कौशिक, रेखा सूर्यवंशी, अंजनी भास्कर पटेल, रीना ताम्रकार, किरण ठाकुर, सुनीता शर्मा मौजूद रहे।
<
