![]()
महासमुंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। तुमगांव थाना क्षेत्र में मूंगफली खेत की रखवाली कर रहे पिता-पुत्र पर बिजली गिर गई, जिसमें बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, कोमाखान थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से एक मकान में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। बिजली गिरने से घर में आग देखिये तस्वीरें बिजली गिरने से मकान में लगी आग पहली घटना शुक्रवार सुबह कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में हुई। यहां प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े और लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, घटना के समय परिवार के सदस्य मकान से लगे दूसरे हिस्से में मौजूद थे, जिससे सभी सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू घटना की सूचना मिलते ही महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मचान पर गिरी आकाशीय बिजली दूसरी घटना ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। यहां धर्मसिंह गोंड (40) अपने पिता पुनीत राम गोंड (70) के साथ खेत की रखवाली के लिए परसा पेड़ पर बने मचान में सो रहे थे। देर रात तेज गरज-चमक के बीच अचानक आकाशीय बिजली मचान पर गिर गई। हादसे में धर्मसिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से घायल बुजुर्ग को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मौसम विभाग का अलर्ट जारी लगातार बदलते मौसम और गरज-चमक के कारण जिले में आकाशीय बिजली की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
<
