![]()
भास्कर न्यूज | डौंडी नगर में इन दिनों महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों का ई-केवाईसी कार्य विभिन्न चॉइस सेंटरों में जारी है, लेकिन बार-बार सर्वर डाउन होने से महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि हितग्राहियों को अपना ई-केवाईसी कराने के लिए केंद्रों के कई-कई चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शासन द्वारा योजना का लाभ ई-केवाईसी से जोड़ने के बाद महिलाओं में जल्द प्रक्रिया पूरी कराने की होड़ लग गई है। डौंडी में 6 अप्रैल से ई-केवाईसी कार्य शुरू हुआ है, लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण प्रक्रिया सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। नगर की हितग्राही महिलाएं जीवन बाई सोनी, कमलाबाई सोनी, बिंदु सोनी, दयाबाई यादव, कांति साहू सहित अन्य ने बताया कि उन्हें ई-केवाईसी के लिए कई बार केंद्र जाना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की हानि हो रही है। वहीं, चॉइस सेंटर संचालकों का कहना है कि सर्वर सही रहने पर एक दिन में लगभग 100 लोगों का ई-केवाईसी किया जा सकता है, लेकिन सर्वर डाउन रहने की स्थिति में यह संख्या घटकर 30 से 40 तक ही सीमित रह जाती है। नगर में चार केंद्रों को अधिकृत किया गया नगर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा करीब चार केंद्रों को ई-केवाईसी के लिए अधिकृत किया गया है। ऑपरेटरों के अनुसार वेबसाइट अपडेट होने के कारण सर्वर में बार-बार समस्या आ रही है। व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि महिलाओं को राहत मिले।
<
