![]()
रामानुजगंज क्षेत्र के ग्राम नवाडीह से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। किंडरगारटेन पब्लिक स्कूल के कक्षा दसवीं के छात्र श्याम लाल यादव ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी भी की, जिससे उनकी यह उपलब्धि और भी विशेष हो जाती है। श्याम लाल के जीवन में संघर्ष बचपन से ही शुरू हो गया था। जब वह मात्र तीन वर्ष के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां कम उम्र में ही उनके कंधों पर आ गईं, जिसके कारण उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी भी करनी पड़ी। कई संघर्षों के बाद भी हार नहीं मानी दिनभर मेहनत-मजदूरी करने के बाद भी श्याम लाल अपनी पढ़ाई के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे। कई बार थकान और कठिन परिस्थितियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। वह रात में देर तक पढ़ाई करते थे और अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहते थे। इरादे मजबूत हों,तो सब संभव होता है उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का ही परिणाम है कि उन्होंने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। श्याम लाल ने यह साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो कोई भी बाधा सफलता के रास्ते में नहीं आ सकती। श्याम लाल की इस उपलब्धि से उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों ने भी उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना की है। श्याम लाल अब उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार और समाज के लिए कुछ बड़ा करने का सपना देख रहे हैं। उनकी कहानी आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है।
<
