![]()
राजनांदगांव में स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आगामी ‘सुशासन तिहार’ (1 मई से 10 जून) की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुशासन तिहार केवल आवेदन लेने का माध्यम न बने, बल्कि मौके पर ही समस्याओं का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मंत्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित प्रवास को देखते हुए सभी तैयारियां चाक-चौबंद होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि प्रशासन गांव-गांव पहुंचे और जनता का भरोसा जीतना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों को परिणाम आधारित कार्य करने और केवल लक्ष्यों के पीछे न भागकर जमीनी स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के आयोजन से पहले ही हितग्राहियों की सूची तैयार रखी जाए, ताकि समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके। राजस्व से संबंधित नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा जैसे लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा गया, ताकि आम जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिक्षा के क्षेत्र में, छात्रवृत्ति और कोचिंग के लिए विशेष योजना बनाने के साथ ही आवासीय छात्रावासों की नियमित निगरानी और सुविधाओं की गुणवत्ता पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। पेयजल प्रबंधन के संबंध में, गर्मी के मौसम को देखते हुए समस्याग्रस्त क्षेत्रों में पहले से वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं में अनावश्यक रेफरल कम करने पर जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि सामान्य प्रसव और छोटे उपचार स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) स्तर पर ही होने चाहिए। इसके अतिरिक्त, बीपी और शुगर जांच के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए। कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में, किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और कम पानी वाली फसलों के लिए प्रोत्साहित करने पर चर्चा हुई। मोबाइल वेटरिनरी सेवाओं का व्यापक प्रचार करने के निर्देश भी दिए गए। जिले की तैयारी: 60 से अधिक शिविरों का आयोजन कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बैठक में बताया कि जिले में 60 से अधिक जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन की टीम लगातार इनका निरीक्षण करेगी। उन्होंने स्वास्थ्य उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक 1300 से अधिक किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण लगाया जा चुका है। इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, एसपी अंकिता शर्मा, डीएफओ आयुष जैन, सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
<
