बेनूर| ग्राम पंचायत भाटपाल से चियानार जाने वाले मुख्य मार्ग पर बनी पुलिया इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और भारी वाहनों के गुजरने से यह कभी भी टूट सकती है। यह सड़क कई अंदरूनी गांवों को जोड़ती है, जिसके कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। पुलिया काफी नीची होने के कारण बारिश के दौरान इसके ऊपर से पानी बहने लगता है, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है और लोगों का संपर्क टूट जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार लोग पुलिया पार करते समय दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बचे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। ग्रामीण लंबे समय से पुलिया को ऊंचा एवं मजबूत बनाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत से लेकर जिला प्रशासन तक कई बार शिकायत की जा चुकी है। इस संबंध में पूर्व में समाचार भी प्रकाशित हो चुके हैं, लेकिन अब तक न तो पंचायत स्तर पर कोई पहल की गई है और न ही प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई की गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
<
