भास्कर न्यूज । चंडीपारा अक्षय तृतीया के अवसर पर सर्व ब्राह्मण संगठन पामगढ़ क्षेत्र ने भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव मनाया। कार्यक्रम में विप्र समाज के साथ सर्व समाज के महिला, पुरुष और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो श्रीराम मंदिर चंडीपारा से शुरू होकर तहसील चौक होते हुए विद्या निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर पहुंची। शोभायात्रा के दौरान भगवान परशुराम के जयघोष, कर्मा नृत्य और भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं की ओर से स्वल्पाहार और शीतल पेय की व्यवस्था की गई। शोभायात्रा के समापन के बाद विद्या निकेतन विद्यालय परिसर में विधिवत पूजन और महाआरती हुई। भक्तों ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद महाप्रसाद का आयोजन हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। सर्व ब्राह्मण संगठन पामगढ़ क्षेत्र के पदाधिकारियों ने आयोजन की सफलता के लिए समाजजन, प्रशासन और सहयोग करने वाले नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है और सांस्कृतिक परंपराओं को बल मिलता है।
<
