![]()
बॉलीवुड और डिजिटल मनोरंजन जगत के जाने-माने नाम भगवान तिवारी लंबे समय बाद अपने बचपन की यादों से जुड़े नगर रामानुजगंज पहुंचे। वार्ड क्रमांक 6 में रहकर कक्षा पहली से आठवीं तक की पढ़ाई करने वाले तिवारी का कला प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘रईस’ में अभिनय किया है। इसके अतिरिक्त, ‘स्पेशल 26’, ‘ए वेडनेसडे!’ सहित कई चर्चित बॉलीवुड फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से उन्होंने पहचान बनाई है। फिल्मों के साथ-साथ, वे कई लोकप्रिय वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों में भी अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। रामानुजगंज आगमन पर नगर के विप्र समाज के लोगों ने उन्हें शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उनका अभिनंदन किया और कला क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। भगवान तिवारी ने अपने स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि रामानुजगंज से उनका रिश्ता केवल जन्मभूमि का नहीं, बल्कि भावनाओं और संस्कारों का भी है। अपने प्रवास के दौरान, उन्होंने बचपन के मित्र ओम जायसवाल, लाडो जायसवाल, आनंद पाठक सहित अन्य परिचितों के घर जाकर मुलाकात की और पुरानी यादों को ताजा किया। वर्षों बाद पुराने साथियों से मिलकर वे काफी भावुक नजर आए। इसके अतिरिक्त, भगवान तिवारी नगर के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर, राम मंदिर, शिव मंदिर और पलटन घाट भी पहुंचे। उन्होंने इन स्थानों पर कुछ समय बिताकर अपने बचपन की स्मृतियों को फिर से जीवंत किया। उनके आगमन से नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला, और लोगों ने इसे रामानुजगंज के लिए गौरव का क्षण बताया।
<
