नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। झारखंड के सिमडेगा जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पति को पैसा दिलाने के बहाने घर से ले जाकर पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सिरगिट्टी क्षेत्र में रेलवे पटरी किनारे कीचड़ भरे खेत में फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
झारखंड के सिमडेगा जिला अंतर्गत थाना जलडेगा चौकी ओडगा क्षेत्र के ग्राम ढेलसेरा बरटोली निवासी राजेश लोमगा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई विनोद लोमगा जेसीबी रिपेयरिंग का काम करता था। उसकी पत्नी पूनम लोमगा 18 मई की सुबह करीब 10 बजे यह कहकर घर से निकली थी कि वह राउरकेला पैसा लेने जा रही है। इसके बाद 20 मई की दोपहर करीब दो बजे वह वापस घर लौटी और परिवार को बताया कि विनोद राउरकेला में काम के सिलसिले में रुक गया है तथा उसका मोबाइल वह अपने साथ ले आई है।
भाई से किसी प्रकार संपर्क नहीं होने और पूनम की गतिविधियों पर संदेह होने पर परिवार ने 21 मई को थाना जलडेगा चौकी ओडगा में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जब पूनम से परिवार के सामने पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाला बयान दिया। उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी सुगड टोपनो, इंदल मांझी तथा अन्य साथियों के साथ मिलकर विनोद लोमगा की हत्या की है।
महिला ने बताया कि सभी लोग विनोद को झारखंड से लोकल ट्रेन में बैठाकर बिलासपुर लाए। यहां रेलवे स्टेशन के आगे रेल पटरी किनारे 19 मई की सुबह करीब तीन से पांच बजे के बीच गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई। इसके बाद चाकू से गला रेत दिया गया।
हत्या के बाद शव को छिपाने की नीयत से रेलवे पटरी किनारे पानी और कीचड़ से भरे खेत में फेंक दिया गया। इसके बाद ओडगा पुलिस राजेश लोमगा और आरोपी महिला को लेकर बिलासपुर पहुंची, जहां खेत में पड़े शव की पहचान विनोद लोमगा के रूप में की गई। मामले की सूचना मिलने के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपित पत्नी पूनम लोमगा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसके प्रेमी सुगड टोपनो, इंदल मांझी और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में षड्यंत्र और हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला पूनम लोमगा का सुगड टोपनो नामक युवक से प्रेम संबंध था। पति विनोद लोमगा इस रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी कारण आरोपी महिला ने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत पहले उसे पैसा दिलाने के बहाने घर से बाहर निकाला गया। फिर लोकल ट्रेन से बिलासपुर लाकर सुनसान स्थान पर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि हत्या की साजिश पहले से तैयार थी और इसमें अन्य लोगों की भी भूमिका रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह साफ हो सकेगी।
गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद खुला राज
परिवार को शुरू से ही पूनम लोमगा की बातों पर संदेह था। वह पति का मोबाइल अपने साथ लेकर घर लौटी थी और लगातार अलग-अलग बातें बता रही थी। विनोद लोमगा से संपर्क नहीं होने पर उसके भाई राजेश लोमगा ने थाना जलडेगा चौकी ओडगा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब पूनम से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई और पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पूछताछ के दौरान उसने बिलासपुर लाकर हत्या करने और शव फेंकने की बात कबूल की। इसके बाद झारखंड पुलिस आरोपी महिला को लेकर बिलासपुर पहुंची और घटनास्थल से शव बरामद किया गया।
रेलवे पटरी किनारे कीचड़ में मिला शव
आरोपियों ने हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए रेलवे पटरी किनारे स्थित पानी और कीचड़ से भरे खेत को चुना। पुलिस के अनुसार शव को इस तरह फेंका गया था ताकि पहचान और बरामदगी में देरी हो सके। हालांकि आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस मौके तक पहुंच गई। खेत में कीचड़ के बीच पड़े शव की पहचान विनोद लोमगा के रूप में हुई। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में गला घोंटने और धारदार हथियार से हमला किए जाने की पुष्टि हुई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
<
