बीजापुर के नंबी वॉटरफॉल पर खुलेआम शराबखोरी:बोतलें-कचरे से बिगड़ रहा प्राकृतिक सौंदर्य,पर्यटक परेशान, पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग

![]()
बीजापुर जिले के प्रसिद्ध नंबी वॉटरफॉल में इन दिनों कुछ पर्यटकों की शराबखोरी की गतिविधियां चिंता का कारण बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलप्रपात पर आने वाले कुछ पर्यटक खुलेआम शराब का सेवन करते हैं और खाली बोतलें व अन्य कचरा आसपास फेंक देते हैं। इससे पर्यटन स्थल की स्वच्छता के साथ प्राकृतिक सुंदरता भी प्रभावित हो रही है। नंबी वॉटरफॉल में खासकर तेलंगाना से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ शराबखोरी की घटनाएं भी बढ़ने की बात स्थानीय लोगों ने कही है। परिवार के साथ आने वाले लोगों को ऐसे माहौल के कारण असुविधा का सामना करना पड़ता है। देखिये यह तस्वीरें वीकेंड पर निगरानी बढ़ाने की मांग स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से पर्यटन स्थल पर नियमित निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि शनिवार-रविवार और अन्य भीड़भाड़ वाले दिनों में पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि खुले में शराब पीने और कचरा फैलाने जैसी गतिविधियों पर रोक लग सके। हाल ही में नंबी जलप्रपात पहुंचे पत्रकार रंजन दास ने भी बताया कि कुछ लोग शराब का सेवन करने के बाद बोतलें इधर-उधर फेंक रहे थे। इससे जलप्रपात की खूबसूरती प्रभावित हो रही है। नंबी वॉटरफॉल बीजापुर की प्राकृतिक पहचान और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में खुलेआम शराबखोरी रोकने की जिम्मेदारी किसकी है और पर्यटन स्थल की सुरक्षा-सफाई के लिए प्रशासन कब प्रभावी व्यवस्था करेगा, इसे लेकर स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं।
Source link




